जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट में 15 नवम्बर को प्रस्तावित जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
इस दौरान संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री श्रीमन शुक्ला, आईजी श्री प्रमोद वर्मा, डीआईजी श्री अतुल सिंह, कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री रामप्रकाश अहिरवार, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में जबलपुर, रीवा, शहडोल व सागर संभाग के कलेक्टर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी वर्चुअली रूप से जुडे थे। जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में होगा। मंत्री श्री शाह ने कहा कि इस भव्य कार्यक्रम की सभी समुचित तैयारियां सुनिश्चित करें और हमारी सरकार ने जनजातीय बंधुओं के लिए जो कल्याणकारी कार्य कर रहे हैं उन्हें प्रदर्शनी के माध्यम से दिखायें। उन्होंने कहा कि जनजातीय धर्मगुरूओं, विदेशों में अध्ययनरत जनजातीय बच्चे जिन्हें शासन का सहयोग प्राप्त हुआ है, उनके साथ पदमश्री, पदमविभूषण जैसे पुरस्कार से सम्मानित व्यक्ति, औद्योगिक व खेल क्षेत्र विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाले प्रतिभाओं को भी कार्यक्रम में सहसम्मान आमंत्रित किया जाये। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनजातीय बंधुओं को लाने के लिए बसों की समुचित व्यवस्था हो। साथ ही ट्रायबल होस्टल में रहने वाले कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भी आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मंत्री श्री शाह ने कहा कि जबलपुर में कला यात्रा निकलेगी। इस अवसर पर 11 नवम्बर से जिले में चार गौरवरथ भी चलेंगे। समारोह के दौरान आदि कर्मयोगी की उपलब्धियां तथा सिकल सेल उन्मूलन के लिए किये जा रहे प्रयासों के संबंध में लघु फिल्म दिखाई जायेगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे, अत: कार्यक्रम की गरिमा बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय करें। बैठक में वनाधिकार से लाभांवित हितग्राहियों के साथ जनजातीय संरक्षण के लिए आयोजित लोक कला व सांस्कृतिक मेला के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए परिजनों को भी आमंत्रित किया जाये। आयुष्मान योजना अंतर्गत गंभीर बीमारी के इलाज में मिली सफलता का जिक्र भी ऐसे अवसर पर होना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने 15 नवम्बर को आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।




