कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन में ई-दक्ष केंद्र में अमृत रेखा मोबाइल, वेब एप, डिस्ट्रिक्ट जीआईएस पोर्टल एवं जियो पोर्टल-पीआईएमएस के माध्यम से जीआईएस आधारित जल एवं सीवर परिसंपत्ति प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जबलपुर
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री संदीप पांडे, डिविजनल जीआईएस डेटा स्पेशलिस्ट श्री विकास कुमार तिवारी और डिस्ट्रिक्ट जीआईएस एग्जीक्यूटिव श्री अभिषेक गर्ग ने जल प्रबंधन और जीआईएस मैपिंग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में पेयजल पाइपलाइन, जल टंकियों और सीवर लाइनों की जीआईएस मैपिंग, वॉटर एसेट मैपिंग, सीवर एसेट मैपिंग और अमृत रेखा एप के निर्मल मॉड्यूल के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जल सुरक्षा, जल संरक्षण और जल गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। इसके अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल गुणवत्ता का प्रभावी परीक्षण, जल आपूर्ति प्रणाली में लीकेज अथवा दूषित जल की समय पर पहचान, जलजनित रोगों की रोकथाम और नागरिकों को स्वच्छ पेयजल के प्रति जागरूक करना शामिल है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जबलपुर के समस्त नगरीय निकायों के फील्ड इंजीनियर और तकनीकी स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जल और सीवर परिसंपत्तियों के प्रभावी प्रबंधन, पारदर्शिता और सतत निगरानी सुनिश्चित करना रहा।




