जबलपुर संभाग के बालाघाट जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री वंदना धूमकेती ने बताया कि जिले के 1248 ग्रामों एवं 117 नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में लाड़ली बहना सेना का गठन कर लिया गया है
जबलपुर
लाड़ली बहना सेना की महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 08 जुलाई को किरनापुर परियोजना, लालबर्रा परियोजना के ग्राम पोंडी व कंजई एवं लांजी के ग्राम टेडवा में महिलाओं को लाड़ली बहना सेना का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बताया जा रहा है कि महिला सम्मान एवं सुरक्षा, सामाजिक कुरीतियों की समाप्ति और महिला अत्याचार के मामलों को नियंत्रित करने के लिए उन्हें किस तरह से कार्य करना है। लाड़ली बहना सेना के गठन के बाद इस सेना में शामिल महिलाओं के नाम पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे हैं।
महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर माह 01-01 हजार रुपये की राशि दी जाना है। धीरे-धीरे इस राशि को बढ़ाकर 03 हजार रुपये प्रतिमाह तक किया जायेगा। बालाघाट जिले में इस योजना के अंतर्गत 03 लाख 52 हजार 353 महिलाओं को लाभ मिल रहा है। नागरिकों को महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सजग बनाने, सामाजिक कुरीतियों की समाप्ति और महिला अत्याचार के मामलों को नियंत्रित करने के लिए लाड़ली बहना सेना का गठन किया जा रहा है। इसके लिए लाड़ली बहनों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।