मझौली के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर हर घंटे जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम नागरिकों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है
मझौली (जबलपुर)
हैरानी की बात यह है कि जहाँ नियमों के अनुसार दुकानों की चौड़ाई मात्र दस फीट स्वीकृत है, वहीं दुकानदारों द्वारा सड़क पर कब्जा कर उसे बीस फीट तक घेर लिया गया है।
सड़क पर अतिक्रमण के चलते पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक परेशान हैं। जाम के दौरान एंबुलेंस और दमकल जैसे आपातकालीन वाहनों का निकलना भी चुनौती बन चुका है। इसके बावजूद नगर परिषद मझौली पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बाद भी न तो अतिक्रमण हटाया जा रहा है और न ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। सवाल यह उठता है कि क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो मझौली की यातायात समस्या गंभीर संकट का रूप ले सकती है।




