राजस्व महाअभियान 3.0 जिले के गांव – गांव में शिविर आयोजित, किया जा रहा राजस्व प्रकरणों का निराकरण
कटनी –
प्रदेश सरकार द्वारा भूमि रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने तथा राजस्व संबंधित विवादों का निराकरण करने के उद्देश्य से 26 जनवरी 2025 तक राजस्व महाअभियान 3.0 का संचालन पूरे प्रदेश सहित कटनी जिले में किया जा रहा है। कटनी जिले में राजस्व महाअभियान अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान आरसीएमएस पर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरूस्ती, नक्शा तरमीम, समग्र ई केवायसी तथा समग्र से खसरे की लिंकिंग, पीएम किसान सैचुरेशन, स्वामित्व, फार्मर रजिस्ट्री, प्रचार-प्रसार, की गतिविधियां संचालित की जा रही है।
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा की जा रही अभियान की नियमित समीक्षा के चलते राजस्व महाअभियान 3.0 के क्रियान्वयन में कटनी जिले अंतर्गत रिकॉर्ड 1 लाख 74 हजार 33 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।
अधीक्षक भू- अभिलेख डॉ राकेश कुमार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक राजस्व महाअभियान के तहत निर्देशित विभिन्न वर्गों के प्रकरणों के निपटारे की सतत समीक्षा की वजह से अब तक नामांतरण के 1564 मामले, बंटवारा के 63 मामले, अभिलेख दुरुस्ती के 236 मामले, न्यू आरसीएमएस के 3218 मामले, सीमांकन के 222 मामले, सहित नक्शे में बटांकन के 54126 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
इसी प्रकार आधार से खसरे मे आर.ओ.आर लिंक के 72723 मामले, पीएम किसान सेचुरेशन के 6497 मामले, फार्मर आईडी के 35384 के अलावा ई-केवाईसी के 1 लाख 57 हजार 323 प्रकरणों का निपटारा किया जा चुका है।
बताते चलें कि जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से पहले दो चरणों में राजस्व महाभियान संचालित हो चुके हैं। जिले में राजस्व महा-अभियान प्रथम चरण 15 जनवरी से 15 मार्च 2024 तक एवं द्वितीय चरण 18 जुलाई 2024 से 31 अगस्त 2024 तक चलाया गया था। अभियान के दौरान राजस्व प्रकरणों के निपटारे की प्रगति को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और राजस्व अभिलेख त्रुटियों को ठीक करने हेतु अब जिले में राजस्व महाअभियान 3.0 का आयोजन 26 जनवरी तक किया जायेगा।