5% रोजाना और 500% रिटर्न का लालच देकर महिला को बनाया शिकार, फर्जी कंपनी और बैंक खातों का जाल उजागर
जबलपुर।
शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला को उच्च मुनाफे का लालच देकर 2 करोड़ 27 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जबलपुर निवासी महिला को शेयर बाजार में निवेश करने पर प्रतिदिन 5 प्रतिशत तक रिटर्न और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक लाभ देने का झांसा दिया। शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन के नाम पर विश्वास में लेकर आरोपियों ने महिला से भारी रकम निवेश करवाई और बाद में संपर्क तोड़ लिया।
पीड़िता की शिकायत पर साइबर सेल और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाकर कई करंट अकाउंट खुलवाए थे। इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम को अलग-अलग जगह ट्रांसफर कर ट्रैक छिपाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने बताया कि एक खाते से करीब 20 लाख रुपए अन्य साथियों को ट्रांसफर किए गए थे। मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक विश्वकर्मा को नागपुर केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर जबलपुर लाकर गिरफ्तार किया गया है। वह पहले से ही नागपुर और मुंबई में साइबर फ्रॉड के मामलों में आरोपी रहा है।
अन्य आरोपी रोहित भगोरिया और तरुण की निशानदेही पर अभिषेक की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साइबर अपराधी अब निवेश के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान निवेश योजना या असामान्य रिटर्न के झांसे में न आएं और सतर्क रहें।
मझौली दर्पण न्यूज




