इंदौर सिर्फ स्वच्छ नहीं बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित भी बनेगा – कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी.
इंदौर
जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन तथा इंदौर स्थित एनजीओ ज्वाला (वॉयस ऑफ वूमेन) द्वारा एक अनूठी पहल के तहत विश्व की सबसे बड़ी आत्मरक्षा कार्यशाला “रक्षम” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला निर्भया दिवस के अवसर पर 16 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम में सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि “रक्षम” आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से लगभग 15 हजार स्कूल-कॉलेज तथा निजी शिक्षण संस्थाओं की छात्राओं और महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा करने के उद्देश्य से एक अभूतपूर्व कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यशाला इंदौर को देश का सबसे सुरक्षित शहर बनाने की ओर एक बड़ा कदम है। इस कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को किसी भी तरह की परिस्थिति का सामना पूरे आत्मविश्वास के साथ करने का प्रशिक्षण दिया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्राओं और महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जायेगा। इंदौर सिर्फ स्वच्छ नहीं बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित भी बनेगा। उन्होंने बताया की जल्द ही शहर के ऐसे क्षेत्र जो असुरक्षित माने जाते हैं उनको सर्वे कर चिन्हित किया जाएगा। ऐसे क्षेत्रों को पेट्रोलिंग, स्टेकहोल्डर भागीदारी व अन्य माध्यमों से अधिक सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जाएगा।
सिर्फ देश ही नही बल्कि विश्व स्तर पर एक नई पहचान दिलाते हुए विश्व रिकॉर्ड स्थापित करेगी
ज्वाला संस्था की संस्थापक डॉ. दिव्या गुप्ता ने बताया कि अपनी स्वच्छता के लिए मशहूर इंदौर शहर अब सुरक्षा के मामले में नया मानक स्थापित कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े आत्मरक्षा कार्यक्रम की मेजबानी करते हुए इंदौर एक सुरक्षित समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए हजारों लोगों को सशक्त बनाने जा रहा है। यह पहल सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं है बल्कि सुरक्षित कल की ओर हम सभी का एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि ज्वाला (वॉयस ऑफ वूमेन) संस्था का उद्देश्य भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को आसानी से सुलभ संसाधनों के माध्यम से वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।