नगर परिषद मझौली की स्वच्छता व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हल्की बारिश ने ही नगर विकास के दावों की हकीकत उजागर कर दी है
मझौली जबलपुर
जगह-जगह सीसी सड़कों पर नालियों का गंदा पानी भर गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गुबरा रोड से जबलपुर रोड तक हाल बेहाल
नगर के प्रमुख क्षेत्रों—गुबरा रोड विधायक भवन के सामने जबलपुर रोड और सुहजनी तिराहे के पास हालात बद से बदतर हैं। यहां नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है। सीसी रोड होने के बावजूद जलभराव ने लोगों की आवाजाही मुश्किल कर दी है।
छुटपुट बारिश ने खोली पोल
नगर में हुई मामूली बारिश ने ही प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। जहां एक ओर स्वच्छता और विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। बार-बार शिकायत के बावजूद नालियों की सफाई और जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। दुकानदारों को गंदे पानी और बदबू के कारण ग्राहकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े मुद्दे पर नगर परिषद प्रशासन पूरी तरह नदारद नजर आ रहा है। न तो मौके पर कोई कर्मचारी दिखाई देता है और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया है।




