विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में “ॐ श्री महाकाल बाबा” के चरणों में मध्य प्रदेश पुलिस के ट्रेड आरक्षकों और उनके परिवारों ने अपनी सामाजिक व मानसिक पीड़ा रखी।
उज्जैन मध्य प्रदेश
ट्रेड आरक्षकों ने जी.डी. आरक्षक में पुनः संविलियन की प्रक्रिया (जीओपी 57/93) बहाल करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शासन-प्रशासन के लिए महाकाल बाबा से आशीर्वाद मांगा।
ट्रेड आरक्षकों का कहना है कि पदोन्नति के बाद वे प्रधान आरक्षक और सहायक उपनिरीक्षक स्तर तक पहुंचते हैं, फिर भी उन्हें गार्ड ड्यूटी, रोजनामचा, आर्मोरी और क्वार्टर मास्टर जैसे दायित्वों के बावजूद जनरल ड्यूटी से दूर रखा जाता है, जिससे कानून व्यवस्था में उनका योगदान सीमित हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेड और जीडी आरक्षकों का वेतन व ग्रेड पे समान होने से शासन पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।
आरक्षकों ने तर्क दिया कि तकनीकी कार्य संविदा या आउटसोर्स से कराए जा सकते हैं, जिससे रोजगार बढ़ेगा और प्रशिक्षित ट्रेड आरक्षक ट्रैफिक व कानून व्यवस्था में लगाए जा सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य राज्यों में ट्रेड संविलियन की प्रक्रिया लागू है, जबकि मध्य प्रदेश में ट्रेड परिवर्तन और पुलिस कोर्स की पात्रता तक नहीं है।
ट्रेड आरक्षक परिवारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ, तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।




