महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में एक अत्याधुनिक मीडिया कॉन्फ्रेंस सेंटर का उद्घाटन किया गया।
दिल्ली
इस आधुनिक केंद्र का उद्घाटन आयोग की माननीय अध्यक्षा विजया रहाटकर ने किया।
उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस सेंटर मीडिया के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से महिलाओं से जुड़े मुद्दों, सरकारी योजनाओं और जागरूकता अभियानों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अध्यक्षा विजया रहाटकर ने बताया कि यह आधुनिक मीडिया हॉल केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक मल्टीपर्पज़ प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। यहां महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम, संवाद सत्र, कार्यशालाएं और प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है और महिलाओं से संबंधित संवेदनशील विषयों को सही तरीके से समाज तक पहुंचाना आवश्यक है। नया कॉन्फ्रेंस सेंटर इस दिशा में आयोग की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम के दौरान आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि यह केंद्र महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।
📰 मझौली दर्पण न्यूज
सच्ची खबर, सबसे पहले




