कृष्णा जन्माष्टमी, गणेश उत्सव और मिलाद- उल- नबी का त्यौहार आपसी भाईचारा और शान्ति पूर्वक मनाया जायेगा
जबलपुर
त्यौहारों में अनुभाग एवं थाना स्तर पर आसामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जायेगी
आगामी दिनों में संस्कारधानी जबलपुर में कृष्णा जन्माष्टमी,गणेश उत्सव और मिलाद- उल- नबी का त्यौहार मनाया जायेगा। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि उक्त त्यौहार आपसी भाईचारा, सदभावना और शान्ति पूर्वक मनायें। उन्होंने उक्त त्यौहार के दौरान यातायात व्यवस्था, प्रकाश का प्रबन्ध, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा के बंदोबस्त और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक टी, के विद्यार्थी, नगर निगम कमिश्नर स्वप्निल वानखेड़े, अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, अपर कलेक्टर नाथूराम गोड़, जिला शान्ति समिति के सदस्य रमेश चन्द्र शर्मा, अनिल शुक्ला, महंत योगीराज महाराज, भरत सिंह यादव, प्यारे साहाब, शबान मंसूरी, अशोक साहनी, एम.के. मुदद्रीन, साबीर उसमानी, प्रतिभा भापकर, मनोज वाघमारे, ताहिर अली, मनोज वर्मा, योगेश कोल, इमरतलाल नुनिया, आशीष उसरेठे, गोपाल पुरी, शशांक यादव, प्रेमपुरी गोस्वामी, सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
कलेक्टर ने कृष्णा जन्माष्टमी त्यौहार के दौरान आयोजित होने वाली शोभायात्रा का संचालन व्यवस्थित ढंग से करने के निर्देश दिये। आयोजकों को शोभायात्रा का संचालन निर्धारित रूट के अनुसार करना होगा। इस दौरान मंचीय व्यवस्था का आयोजन सड़कों पर नहीं किया जा सकेगा। शोभायात्रा के आयोजन में लाऊड स्पीकर और डीजे का उपयोग जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार करना होगा। उन्होंने बताया कि मटकी की ऊॅचाई निर्धारित रहेगी, मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए स्थान एवं समय निर्धारित रहेगा। इस दौरान संपूर्ण कार्यक्रमों पर निगरानी रखने के लिये, जिले का पुलिस बल भी तैनात रहेगा। कलेक्टर ने कहा कि जिले में गणेश उत्सव का त्यौहार 19 सितम्बर से 28 सितम्बर तक मनाया जायेगा। गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए सुरक्षात्मक स्थानों का चयन करें। गणेश जी की प्रतिमा ऐसे स्थानों में स्थापित की जाये जिससे आवागमन बाधित न हो। गणेश उत्सव समिति को गणेश उत्सव कार्यक्रम समारोह एवं तिथि निर्धारण व्यवस्था की सूचना देनी होगी। गणेश जी की प्रतिमायें मिटटी् से बनाई जायेंगी और प्रतिमा के लिये प्राकृतिक रंगों का उपयोग करना होगा। उन्होंने बताया कि मूर्तियां विसर्जन हेतु नगर निगम जबलपुर के द्वारा कुण्ड तैयार किये जायेंगे। मूर्तियां इन्हीं कुण्डों में विसर्जन की जायेगी।
कलेक्टर ने कहा कि 28 सितम्बर को जिले में मिलाद-उल नबी का त्यौहार मनाया जायेगा। उक्त त्यौहार का आयोजन शान्ति पूर्वक संपन्न हो इसके लिये आवश्यक व्यवस्थाएं की जायेगी। त्यौहारों के दौरान प्रकाश का प्रबंध, पेयजल व्यवस्था सुरक्षा एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की जायेगी। आयोजित त्यौहार के दौरान लाऊड स्पीकर एवं डीजे का उपयोग जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुसार करना होगा। उन्होंने नगर निगम जबलपुर को सड़कों के गडडे् भरना, स्ट्रीट लाईट चालू कराना, पेयजल का प्रबंध करना एवं पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था, पार्किग एवं सुरक्षा के बंदोबस्त करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने उक्त पर्वो के दौरान सभी अनुभाग एवं थाना स्तर पर शान्ति समिति की बैठक आयोजित करने को कहा। आयोजित बैठक में त्यौहारों को शान्ति पूर्वक मनाने के लिये दिशा निर्देश देना होगा। उन्होंने सामाजिक सदभाव बिगाड़ने वाले आसामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने को कहा। जिससे त्यौहारों के आयोजन में विघ्न डालने वाले आसामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की जा सके। कलेक्टर ने त्योहारों के आयोजन के स्वरूप एवं रैली के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जिससे आयोजनों को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा सके। पुलिस अधीक्षक टी. के. विद्यार्थी ने कार्यक्रम आयोजन के पूर्व साऊंड सिस्टम धारकों को नोटिस जारी कर बांउड ओवर भराने के निर्देश दिये। जिससे जारी दिशा निर्देशों का उलंघन करने वालों पर कार्यवाही की जा सके। उन्होंने शहर की यातायात एवं पार्किग व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिये। शहर में सड़कों के आजू-बाजू अनावश्यक वाहन खड़े करने पर कार्यवाही करने को कहा।