कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय लघु संवर्धन बोर्ड तथा जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
जिसमें एक्जीबिशन सेंटर के संचालन, रख-रखाव, टेक्नालॉजी सेंटर में बाउंड्रीवॉल का निर्माण, फर्नीचर कलस्टर, नवीन रेडीमेड गारमेंट कलस्टर, लॉजिस्टिक पार्क, औद्योगिक क्षेत्र उमरिया डुंगरिया में फायर ब्रिगेड के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में प्राप्त निवेश प्रस्ताव और उसके फॉलोअप, औद्योगिक क्षेत्र में मैट्रो बस सुविधा व बाउंड्रीवॉल निर्माण के साथ वॉटर हार्वेस्टिंग व वृक्षारोपण के संबंध में चर्चा की गई। एमपीआईडीसी की ओर से कार्यकारी संचालक श्री अनिल कुमार राठौर ने एमपीआईडीसी के अधीन नवीन औद्योगिक भूमि के सम्बंध में जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री विनीत रजक ने जिले में एमएसएमई उद्योगों की स्थापनार्थ, जबलपुर के औद्योगिक परिदृश्य के संबंध में प्रेजेनटेशन दिया। बैठक मे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों मे आधारभूत सुविधाओं यथा स्ट्रीट लाइट, जल व्यवस्था, अग्नि शमन सेवा सुदढ़ करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में एमएसएमई उद्योगों की स्थापना के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा कर, नवीन भूमि चयन, औद्योगिक निवेश व रोजगार को बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक मे उद्योग संघों की ओर से डीआर जैसवानी, हिमांशु खरे, गौरव अग्रवाल, विवेक पाठक, मुनींद्र मिश्रा, भावना मदान, अनुराग जैन और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




