नवग्रह पीठ में आयोजित भव्य कलश यात्रा उस समय अफरा-तफरी में बदल गई, जब अव्यवस्थित भीड़ और लचर इंतजामों के चलते अचानक भगदड़ मच गई।
ग्वालियर
इस दर्दनाक हादसे में हनुमान कॉलोनी निवासी रति साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुजुर्ग महिला विमला एवं वार्ड क्रमांक 11 की 11 वर्षीय कला बाथम गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हैरानी की बात यह है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उसी दौरान पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा नवग्रह मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम करा रहे थे। भारी भीड़ के बावजूद न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और न ही आपात व्यवस्थाएं मौजूद थीं। यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और आयोजकों की गैर-जिम्मेदारी को उजागर करता है।
बताया जा रहा है कि नवग्रह पीठ पर आज से 20 फरवरी तक प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, लेकिन पहले ही दिन हुई इस घटना ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। सवाल यह है—इस मौत का जिम्मेदार कौन?




