देश में खाने-पीने की चीजों में मिलावट को लेकर संसद में गंभीर चिंता जताई गई।
नई दिल्ली।
आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने संसद में मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता लगातार गिर रही है और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खतरनाक खिलवाड़ किया जा रहा है।
सांसद चड्ढा ने आरोप लगाते हुए कहा कि दूध में यूरिया, सब्जियों में ऑक्सीटोसिन, पनीर में कास्टिक सोडा, मसालों में ईंट का चूरा, शहद में कृत्रिम पीला रंग, मुर्गी के मांस में स्टेरॉयड तथा आइसक्रीम में डिटर्जेंट तक मिलाए जाने जैसी चौंकाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी मिलावट न केवल उपभोक्ताओं को धोखा है, बल्कि यह सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए बड़ा खतरा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि खाद्य सुरक्षा मानकों की सख्त निगरानी, नियमित जांच अभियान और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। चड्ढा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मिलावटखोरी पर रोक नहीं लगी तो देश गंभीर स्वास्थ्य संकट का सामना कर सकता है।




