बड़ी खबर: मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी की तारीखों में बदलाव, अब 10 अप्रैल से शुरू होगा उपार्जन
भोपाल
मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं उपार्जन (खरीदी) की तिथियों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। सोमवार, 30 मार्च को मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार, अब प्रदेश में गेहूं की खरीदी दो चरणों में शुरू होगी।
संभागवार नई तिथियां
राज्य शासन द्वारा संशोधित की गई नई समय-सारणी के अनुसार:
10 अप्रैल 2026 से: इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में गेहूं की खरीदी शुरू की जाएगी।
15 अप्रैल 2026 से: जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग सहित प्रदेश के शेष सभी संभागों में उपार्जन कार्य प्रारंभ होगा।
SOP के पालन के निर्देश
उप सचिव बी.के. चंदेल द्वारा जारी इस आदेश में प्रदेश के सभी कलेक्टर्स, प्रबंध संचालक म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन और वेयर हाउसिंग लॉजिस्टिक्स कार्पोरेशन को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित SOP (Standard Operating Procedure) के तहत उपार्जन की तैयारियां सुनिश्चित करें।
किसानों के लिए जरूरी जानकारी
तारीखों में इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य फसल की आवक और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखना माना जा रहा है। जबलपुर संभाग (जिसमें मझौली क्षेत्र भी आता है) के किसानों को अब अपनी फसल बेचने के लिए 15 अप्रैल तक का इंतजार करना होगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रों पर बारदाना, तौल मशीनें और किसानों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
मझौली दर्पण न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट




