भारतीय किसान संघ के बैनर तले मझौली तहसील में जारी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को लेकर किसानों का आक्रोश अब चरम पर पहुंच गया है।
मझौली जबलपुर
संघ द्वारा तहसीलदार मझौली को सौंपे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 31 जनवरी 2026 से चल रहे धरने के बावजूद अब तक किसी भी समस्या का निराकरण नहीं किया गया, जिससे किसान बुरी तरह आक्रोशित हैं।
भारतीय किसान संघ मझौली इकाई ने चेतावनी देते हुए ऐलान किया है कि दिनांक 9 फरवरी 2026, सोमवार को दोपहर 12 बजे से ट्रैक्टर रैली एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा। यह रैली निर्धारित स्थान से होते हुए मझौली के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। संघ ने साफ कहा है कि यदि आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। धरना केवल औपचारिकता बनकर रह गया है, जबकि किसान आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहे हैं।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि अब आर-पार की लड़ाई तय है। यदि समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और भी व्यापक रूप ले सकता है। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।




