मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन की आगामी पाँच जनवरी को आयोजित समीक्षा बैठक के मद्देनज़र
जबलपुर
जबलपुर संभाग के मण्डला जिला में प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 5 जनवरी 2026 को प्रस्तावित मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक में जिले की प्रस्तुति तथ्यात्मक, अद्यतन एवं परिणामोन्मुखी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जमीनी स्तर पर प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करें। बैठक में कृषि एवं संबंधित क्षेत्र, स्वास्थ्य एवं पोषण, रोजगार-उद्योग एवं निवेश, नगरीय विकास, सुशासन, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं जनजातीय कार्य, कानून व्यवस्था, विविध एवं अतिविशिष्ट बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रत्येक विभाग से योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुँचे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कानून व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और गुणवत्ता पर फोकस रखने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि समीक्षा बैठक केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जिले के समग्र विकास की दिशा तय करने का अवसर है। सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि मंडला जिला शासन की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




