उचित मूल्य की दुकानों में उपभोक्ताओं को प्रतिमाह खाद्यान्न नहीं मिलने पर होगी कार्यवाही
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने जन संवाद कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया
जबलपुर
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने शुक्रवार को आरोग्यम स्वास्थ्य केन्द्र बारहा का निरीक्षण किया। जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो रही है। जिसमें नवजात शिशुओं की देखभाल, महिलाओं में गर्भावस्था एवं प्रसव की देखभाल, स्वास्थ्य सेवायें, संक्रामक रोगों का प्रबंधन और स्वास्थ्य जांच परीक्षण प्रमुख है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र बारहा में मरीजों की नियमित रूप से जांच कर बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में दवाईयों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा। जिससे स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले मरीजों को दवाईयॉं हमेशा उपलब्ध होती रहे। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले की मांग पर मुख्य मार्ग से स्वास्थ्य केन्द्र तक सीसी रोड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। जिससे स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले मरीजों को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण खूबचंद चौकसे, भोलाराम पटेल और रामाकांत चौकसे ने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र नियमित रूप से नहीं खुलता है। जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र को रोजाना खोलने की मांग की। कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायत पर जांच करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान सिलुआ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उचित मूल्य की दुकान में वितरित खाद्यान्न की प्रगति और ई-केवायसी के संबंध में जानकारी ली। उपभोक्ताओं को प्रतिमाह का खाद्यान्न वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्यान्न स्टाक का भी मिलान कराया। कलेक्टर ने उचित मूल्य की दुकान में खाद्यान्न लेने पहुंचे उपभोक्ता अनिता बाई और मंजू बाई से भी चर्चा की। अनिता बाई ने बताया कि उसके परिवार में छह सदस्य हैं, उन्हें प्रति सदस्य 5 किलोग्राम के हिसाब से प्रतिमाह 30 किलो खाद्यान्न मिलता है। मंजू बाई ने बताया कि उसके घर में 5 सदस्य हैं। उसे प्रतिमाह 25 किलों खाद्यान्न मिलता है। इस अवसर पर शिवनारायण तिवारी ने पात्रता पर्ची और गरीबी रेखा की सूची में नाम जुड़वाने की मांग की। जिससे उसे शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने इस संबंध में पटवारी को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने इसके बाद ग्राम सिलुआ के वार्डों की गलियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आपसी सहमति बनाकर वार्ड की गलियों को चौड़ा करने के प्रस्ताव की प्रशंसा की। इससे गॉंव की गलियॉं बेहतर बनेंगी। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सिलुआ में मुख्य मार्ग से ऑंगनबाड़ी केन्द्र तक बनाई गई सीसी रोड क्षतिग्रस्त होने पर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीसी रोड समयावधि से पहले क्षतिग्रस्त होने पर वसूली की कार्यवाही करने को कहा है। इसके बाद ऑंगनबाड़ी केन्द्र सिलुआ का निरीक्षण किया गया। उन्होंने ऑंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के भोजन, नाश्ता,वजन, खिलौने और स्वास्थ्य परीक्षण के बारे मे जानकारी ली। आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। शासन द्वारा निर्धारित गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने को कहा। ऑंगनबाड़ी केन्द्र के अंतर्गत दर्ज गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित रूप से देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण करने को कहा।
कलेक्टर ने इसके बाद माध्यमिक शाला सिलुआ पड़रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओ से अध्यापन कार्य कराया। छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिससे कोई भी छात्र-छात्रा पढ़ाई में न पिछड़ सके। उन्होंने स्कूल के पाठयक्रम को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इसके बाद माध्यमिक शाला सालीवाड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने सालीवाड़ा में छात्र-छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इसके बाद बरेला-निवास उन्नयन मार्ग का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयति सिंह सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।