’हर घर तिरंगा’ अभियान अंतर्गत निकाली गई रैली, बैगा समाज के लोगों से हुए रूबरू, कपडे़ एवं खेल सामग्री का वितरण भी किया गया
बालाघाट
आज मंडला पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत थाना मोतीनाला क्षेत्र में स्थित नक्सल प्रभावित गांवों का भ्रमण किया। पुलिस अधीक्षक द्वारा मोतीनाला थाने से रैली का आरंभ कर बांदरवाडी, मोतीनाला, भाईबहन नाला, मुरकुटा भीमडोंगरी आदि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान कई आयोजन भी किए गए।
बैगा जनजाति बाहुल्य क्षेत्र का भ्रमण एवं सामग्री का वितरण
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत द्वारा बैगा जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में पहुंचकर उनके साथ कुछ वक्त बिताए एवं उनका हालचाल जाना। साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा शासन द्वारा चलाए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनजातीय लोगों को वस्त्र आदि आवश्यक चीजों का भी वितरण किया गया।
खेल सामग्री का वितरण
पुलिस अधीक्षक द्वारा बांगरवाड़ी में कार्यक्रम आयोजित कर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खेल एवं खेल के प्रति रुचि पैदा करने हेतु तथा पुलिस के प्रति सुरक्षा एवं सद्भावना उत्पन्न करने हेतु खेल सामग्री जैसे- वॉलीबॉल एवं अन्य सामग्री का वितरण भी किया गया।
’हर घर तिरंगा’ अभियान अंतर्गत तिरंगा एवं कैप का वितरण
पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा उक्त ग्रामों का भ्रमण कर आमजनों में एवं स्कूली बच्चों के बीच पहुंच भारत के सम्मान के प्रतीक तिरंगे का भी वितरण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा इस संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान आमजनों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश देते हुए 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घरों में तिरंगा लहराने तथा भारत की आजादी के 75 वर्ष को हर्षाेल्लास से मनाने हेतु प्रेरित किया गया। इस मौके पर एसडीओपी बिछिया खुमान सिंह धुर्वे, थाना प्रभारी मोतीनाला अमृत सिंह तिग्गा, निरीक्षक अंशुमन चौहान, उपनिरीक्षक उपेंद्र तथा थाने का पुलिस बल उपस्थित रहा।