जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट द्वारा दो दिवसीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
जबलपुर
इस प्रदर्शनी में आठ जिलों से चयनित 169 विद्यार्थी और 32 मार्गदर्शी शिक्षक भाग ले रहे हैं।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा मिलता है और छात्रों में स्वयं करके सीखने की जिज्ञासु प्रवृत्ति विकसित होती है।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, पर्यावरण और सामाजिक विज्ञान विषयों पर आधारित मॉडल, लघु नाटिका, एकल गीत और सेमिनार प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी की थीम विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत है। विद्यार्थियों ने आत्मनिर्भर भारत, प्लास्टिक प्रदूषण, अवशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता, नारी सशक्तिकरण, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक कुरीतियों जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, डाईट प्राचार्य अजय दुबे, जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा और प्रदर्शनी प्रभारी सुनील शर्मा सहित डाइट स्टॉफ, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।




