राजस्व अधिकारियों की बैठक मे कलेक्टर श्री यादव ने दिए निर्देश
कटनी
– कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने राजस्व अधिकारियों की बैठक मे राजस्व न्यायालयों में बड़ी संख्या मे लंबित प्रकरणों के निराकरण की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व महाअभियान 2.0 समाप्त होने के बाद भी नामांतरण, बंटवारा, नक्शा तरमीम और ई-के वाय सी जैसे राजस्व मामलों के निपटारे मे ढ़िलाई बर्दास्त नहीं की जायेगी।
बैठक मे अपर कलेक्टर श्रीमती साधना परस्ते, सभी एस.डी.एम सर्व श्री प्रदीप कुमार मिश्रा, महेश मंडलोई, राकेश कुमार चौरसिया, विंकी सिंहमारे उईके, संयुक्त कलेक्टर संस्कृति लटोरिया, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद कुमार चतुर्वेदी और विवेक गुप्ता सहित सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री यादव ने बैठक मे राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निराकरण के मामले में बेहतर प्रगति पर बड़वारा तहसीलदार संदीप ठाकुर की सराहना करते हुए उनसे बैठक मे प्रकरणों के निराकरण के तौर तरीके की जानकारी अन्य राजस्व अधिकारियों को भी साझा करने कहा ताकि अन्य तहसीलों मे भी प्रकरणों के निराकरण में गति आ सके। कलेक्टर ने कहा कि यदि बड़वारा इस मामले मे अच्छी प्रगति ला सकता है तो जिले के अन्य तहसीलदार भी ऐसा कर सकते है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के हितग्राही किसानों के समग्र ई – केवायसी कार्य को अभियान स्वरूप चलाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि राजस्व अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि वे नियमित अपने कोर्ट मे बैठें तभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण हो सकेगा। वे स्वयं भी प्रति सप्ताह दो- तीन तहसीलों का औचक निरीक्षण कर लंबे अर्से से लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरणों की स्थिति का अवलोकन करेंगे। कलेक्टर ने नक्शा तरमीम और ई -केवायसी कार्य को सतत रूप से जारी रखने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने राजस्व वसूली कार्य में भी तेजी लानें के निर्देश दिए।