थाना मझौली क्षेत्र में पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मझौली जबलपुर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अक्टूबर 2025 की शाम लगभग 4:20 बजे मझौली के वार्ड क्रमांक 08 निवासी पत्रकार सुनील बलराम राय (50 वर्ष) पर छह अज्ञात हमलावरों ने पुराना जनपद हनुमान मंदिर के पीछे घेरकर हाथ-मुक्कों और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के समय पत्रकार सुनील राय तहसील कार्यालय से लौट रहे थे। हमले के बाद स्थानीय नागरिकों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने तत्पश्चात उन्हें नेशनल अस्पताल, जबलपुर में भर्ती कराया।
जांच में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा
थाना मझौली में इस घटना पर अपराध क्रमांक 521/25 धारा 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
लगातार तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने हमले का पर्दाफाश करते हुए चार मुख्य आरोपियों को जबलपुर से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. पवन चक्रवर्ती, पिता संतोष चक्रवर्ती, उम्र 26 वर्ष
2. राहुल चक्रवर्ती उर्फ मंडला पिता महेश चक्रवर्ती, उम्र 31 वर्ष
3. शुभम पारस उर्फ छोटू पारस पिता राजकुमार पारस, उम्र 19 वर्ष — निवासी कुम्हार मोहल्ला थाना गोरखपुर, जबलपुर
4. सागर विश्वकर्मा उर्फ सागर नाटी पिता राजू विश्वकर्मा, उम्र 20 वर्ष — निवासी सुपर मार्केट, इंडियन कॉफी हाउस के पीछे, थाना लार्डगंज, जबलपुर
पुलिस के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता इंगा चक्रवर्ती (पवन चक्रवर्ती का साला) प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री के कार्य में संलिप्त है। बताया गया कि पत्रकार सुनील राय द्वारा उसकी अवैध गतिविधियों का विरोध करने और उसमें व्यवधान उत्पन्न करने के चलते, “सबक सिखाने” के इरादे से यह हमला करवाया गया।
पुलिस ने बताया कि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश लगातार जारी है।
यह घटना न केवल मझौली क्षेत्र बल्कि पूरे जबलपुर पत्रकार जगत में पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
घटना में प्रयुक्त सामग्री (मशरूका) जप्त 1. सुजुकी कम्पनी की जिक्सर मोटरसाइकिल (MP 20 JR 5790)
2. लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल 125 एनएस (MP 20 ZH 5951)
3. एक चीन निर्मित धारदार, नुकीला चाकू
4. एक मझलीनुमा बदनदार, नुकीला चाकू
इस प्रकरण में मझौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र कुछ ही दिनों में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने में सफलता पाई। विवेचना एवं कार्रवाई में निरीक्षक नेहरू सिंह खंडाते, उप निरीक्षक अमित मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक महेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामजी पाण्डेय मुकेश सिंह ठाकुर नेमचंद मार्को अमित पाण्डेय दशेंद्र दीक्षित, आरक्षक हेमंत शर्माक्षनरेश गुप्ता, विजय यादव सत्येंद्र सिंह, रोहित जैन शुभम मिश्रा महिला आरक्षक प्रतिमा शर्मा आदि की उल्लेखनीय भूमिका रही।




