दुर्गा मंदिर क्षेत्र में हुई पथराव की घटना के बाद सिहोरा में हालात धीरे-धीरे सामान्य होते नजर आ रहे हैं।
सिहोरा जबलपुर
तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में है। संवेदनशील इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि एडिशनल एसपी स्वयं मौके पर डटे हुए हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
घटना के बाद आज़ाद चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय नागरिकों से संयम और सहयोग की अपील की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सिहोरा में शांति बहाल करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।




