सुई चुभोकर डराया, ‘माता का जयकारा’ लगवाया…
सतना
मध्यप्रदेश के सतना शहर में एक बार फिर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का खौफ दिखाकर महिलाओं को लूटने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। गुरुवार दोपहर कोलगवां थाना क्षेत्र में शातिर ठगों ने 45 वर्षीय महिला को निशाना बनाकर फिल्मी अंदाज़ में ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पहले उसकी कमर में सुई चुभोकर उसे भ्रमित किया, फिर परिवार पर “अनहोनी” होने का डर दिखाया। घबराई महिला से उन्होंने 2 तोले की सोने की चेन उतरवा ली और कथित ‘उपाय’ के नाम पर उसे 10 कदम पीछे चलने और माता का जयकारा लगाने को कहा। जैसे ही महिला पलटकर देखती, आरोपी चेन लेकर फरार हो चुके थे।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नागरिकों से अंधविश्वास से सावधान रहने की अपील की है। यह वारदात एक बार फिर सवाल खड़े करती है—क्या शहर में ऐसे गिरोहों पर लगाम लग पाएगी या महिलाएं यूं ही शिकार बनती रहेंगी?




