कलेक्टर श्री तिवारी ने अभियान के अंतर्गत नियुक्त किये नोडल अधिकारी
कटनी
– शासन द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं का पूरा लाभ ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, तहसील एवं जिला स्तर पर प्रत्येक पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाने के उद्देश्य से 31 मार्च, 2026 तक ‘संकल्प से समाधान’ अभियान चलाया जा रहा है।
‘संकल्प से समाधान’ अभियान के सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के ग्रामीण क्षेत्र हेतु जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर एवं नगरीय क्षेत्र हेतु आयुक्त नगर पालिक निगम तपस्या परिहार को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा है। साथ ही इस अभियान के सफल संचालन हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकायों के वार्ड स्तरीय समिति का गठन किया है।
“संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत विभिन्न विभागों की अधिसूचित 106 सेवाओं अंतर्गत पात्र हितग्रहियों को त्वरित लाभ प्रदाय किया जायेगा। अभियान का आयोजन 4 चरणों में किया जावेगा। जिसके अनुसार प्रथम चरण दिनांक 15 फरवरी 2026 तक, द्वितीय चरण 16 फरवरी 2026 से 16 मार्च 2026 तक, तृतीय चरण दिनांक 16 मार्च 2026 से 26 मार्च 2026 तक एवं चतुर्थ चरण दिनांक 26 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित किया जावेगा।
“संकल्प से समाधान अभियान” की ऑन लाईन मॉनीटरिंग एवं रिपोर्टिंग हेतु सीएम हेल्प लाईन पोर्टल में पृथक मॉड्युल तैयार कर अधिकारियों एवं नागरिकों के लिये https://cmhelpline.mp.gov.in/Default.aspx पर लॉगिन करने की सुविधा उपलब्ध करायी गई है। जिस पर प्रतिदिन कार्यक्रम सम्पन्न होने के उपरांत ही प्रभारी अधिकारी व नोडल अधिकारी द्वारा पोर्टल पर आवेदन व शिकायत से संबंधित दैनिक प्रगति को अपलोड अनिवार्य रूप से किया जावेगा।
कलेक्टर श्री तिवारी ने “संकल्प से समाधान अभियान” के दौरान शिविर नोडल व प्रभारी अधिकारी की सीएम हेल्प लाईन पोर्टल https://cmhelpline.mp.gov.in/Default.aspx पर आईडी क्रियेट करने एवं पोर्टल संबंधी समस्त ऑन लाईन गतिविधियों की जानकारी अपलोड कर प्रतिदिवस की प्रगति से अवगत कराने का दायित्व लोक सेवा प्रबंधन के जिला प्रबंधक श्री दिनेश विश्वकर्मा को सौंपा है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने “संकल्प से समाधान अभियान” के दौरान प्राप्त होने वाले सभी आवेदन पत्रों का त्वरित निराकरण हो सके इस हेतु सभी कार्यालय प्रमुखों को अपनी-अपनी योजनाओं के मापदंड अनुसार हितग्राहियों को लाभान्वित किये जाने हेतु सतत् कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।
“संकल्प से समाधान अभियान” में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को जिला उतर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा।




