डिस्ट्रीब्यूटर और कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप
मझौली, जबलपुर
15 सितंबर:
मझौली क्षेत्र में जियो टेलिकॉम कंपनी के रिटेलरों ने आज बस स्टैंड स्थित जियो कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जियो डिस्ट्रीब्यूटर और उसके अधीन कार्यरत कर्मचारियों पर अनियमितता, भेदभावपूर्ण व्यवहार और व्यावसायिक दबाव जैसे कई गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन कर रहे रिटेलरों का कहना है कि वे बीते कई महीनों से जियो के मझौली डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम और उसके कर्मचारियों के रवैये से परेशान हैं। उनके अनुसार, कंपनी द्वारा तय की गई नीतियों का पालन ठीक से नहीं किया जा रहा है, और डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा रिटेलरों के साथ मनमाना व्यवहार किया जा रहा है।
एक स्थानीय रिटेलर ने बताया, “हम मेहनत से ग्राहकों को सेवा देते हैं, लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर की तरफ से सपोर्ट नहीं मिलता। रीचार्ज कमिशन में कटौती, समय पर सप्लाई न मिलना और शिकायतों की अनदेखी आम हो गई है।”
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जियो के स्थानीय कर्मचारी रिटेलरों से सही तरीके से संवाद नहीं करते और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास करते हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में राधिका मोबाइल शॉप डीके मोबाइल शॉप साई मोबाइल गैलरी, गुलशन मोबाइल शॉप और ओम मोबाइल शॉप जैसे प्रमुख रिटेलर भी शामिल हुए। इनका कहना है कि अगर जल्द ही समाधान नहीं निकला तो वे अगला कदम सामूहिक व्यापार बहिष्कार का उठा सकते हैं।
विरोध कर रहे रिटेलरों ने स्थानीय प्रशासन और जियो कंपनी के उच्च अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जियो में पदस्थ जेपीएम रोहित मिश्रा का कहना है कि “लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। जियो टेलिकॉम कंपनी के नियमों के अनुसार ही सभी कार्य किए जा रहे हैं।”




