कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री रामप्रकाश अहिरवार, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर श्री नाथूराम गोंड सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे। फील्ड स्तर के अधिकारी भी वीसी के माध्यम से इस बैठक में जुड़े थे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता से जुड़े विषयों से संबंधित प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना है। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने धान व श्रीअन्न उपार्जन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि उपार्जन कार्य में लगने वाले सभी व्यक्तियों की ट्रेनिंग हो जाये। प्रत्येक ब्लॉक से 30-30 सहायता समूह की महिलाओं की ट्रेनिंग भी करायें। इसके साथ ही उन्होंने खाद्यान्न उठाव पर चर्चा करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी व छात्रावासों में खाद्यान्न आपूर्ति समुचित रूप से हो। बैठक में निर्वाचक नामावली में विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए गणना पत्रकों की उपलब्धता पर भी अनुभागवार चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उर्वरक से संबंधित विषयों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों से कहा कि उर्वरक वितरण में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करें। बैठक में उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गैरीसन ग्राउंड में प्रस्तावित है, जिसमें संभाग के सभी जिलों के लोग आयेंगे। इस गरिमामय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण की सूची जल्दी ही सुनिश्चित की जाये, ताकि उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित की जा सके। उन्होंने विभागवार सीएम हेल्पलाईन व लंबित पत्रों की समीक्षा कर कहा कि प्रकरणों का निराकरण तत्परता से करें।




