अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व जिले में होंगे विभिन्न आयोजन
जबलपुर
अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के पूर्व जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न आयोजन होंगे तथा मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। स्वच्छता अभियान की शुरूआत प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह रविवार 14 जनवरी की सुबह 10.30 बजे गढ़ा स्थित मंदिर गौतम जी की मढ़िया से करेंगे।
जिले में स्थित मठ, मंदिरों, मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान का संचालन स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं की भागीदारी से किया जायेगा। इसके साथ ही जिले के ग्रमाीण एवं शहरी क्षेत्र में सार्वजनिक एवं आवासीय क्षेत्रों में भी नागरिकों की भागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। सरकारी इमारतों तथा स्कूलों एवं कॉलेजों में साज-सज्जा की जायेगी। शासकीय कार्यालयों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा।
भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा पर 21 एवं 22 जनवरी को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सभी मंदिरों में रोशनी की जायेगी, दीप प्रज्वलित किये जायेंगे तथा नदियों एवं जलाशयों में दीपदान के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इसके साथ ही प्रमुख मंदिरों में भंडारे का आयोजन होगा। भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का प्रमुख मंदिरों में टी व्ही स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण भी किया जायेगा।
स्थानीय कलाकारों एवं संस्थाओं के सहयोग से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में श्रीराम जानकी जी से संबंधित चित्र, शिल्प, लघु झांकी, रंगोली आदि का प्रदर्शन भी किया जायेगा। अध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परिचर्चा, नृत्य-नाटिका, भजन संध्या का आयोजन भी होगा।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में श्री रामकथा सप्ताह मनाया जायेगा। सप्ताह के अंतर्गत कथा वाचन, रामरक्षा स्त्रोत, राम चरित मानस पाठ आदि पक्षों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से चयनित कलाकारों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किये जायेंगे तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के जिले के मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा।