मझौली तहसील अंतर्गत वृहताकार सेवा सहकारी संस्था मझौली द्वारा संचालित उपार्जन केन्द्र पर धान का विक्रय करने वाले किसानों के सत्यापन की कार्यवाही के बाद सभी मापदंडो पर पात्र पाये गये 174 किसानों में से 136 किसानों को भुगतान की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
जबलपुर
जिला आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद कुमार मिश्र ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शेष 38 किसानों को भुगतान की कार्यवाही जांच में अपात्र पाये गये उन किसानों से वसूली के बाद किया जायेगा जिन्हें उपार्जन राशि का भुगतान हो चुका है।
जिला उपार्जन नियंत्रक के मुताबिक वृहताकार सेवा सहकारी संस्था मझौली द्वारा संचालित उपार्जन केन्द्र पर धान खरीदी में अनियमितताओं की शिकायत की जांच में दोषी पाये गये खरीदी केन्द्र प्रभारी रत्नेश भट्ट एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर अमन सेन के विरूद्ध पूर्व में ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस उपार्जन केन्द्र पर धान विक्रय करने वाले किसानों की जानकारी का प्रमाणीकरण पुलिस के माध्यम से कराया गया था तथा कई ऐसे किसान पाये गये जिनके द्वारा धारित कृषि भूमि स्थल से काफी दूर खरीदी केन्द्र का चयन किया गया था।




