कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
जिसमें संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा में करना सुनिश्चित कर आपेक्षित प्रगति लायें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम जन को मिल जाये, अत: योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त करें। साथ ही उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदनों को भी लें और उनका निराकरण करें। आवेदनों की एंट्री के साथ निराकरण की स्थिति भी दर्ज करना सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान जहां-जहां भी कैंप आयोजित किये जा रहे हैं, उसके विधिवत बैनर रहें और उसके फोटोग्राफ भी लेना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदाय करनें के लिए दिव्यांगजनों का चिन्हांकन करें और शिविर लगाना भी सुनिश्चित करें। इस दौरान आयुष्मान भारत, सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त किसान क्रेडिट कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, उद्यम संस्कार शिविर, गौशालाओं की स्थिति, खाद्य सुरक्षा, पीएम सूर्यघर, धान उपार्जन व भू-अर्जन से जुड़े प्रकरणों के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत निर्धारित प्रारूप में नाम जोड़ने, संशोधन व नाम हटाने के आवेदनों के संबंध में भी आवश्यक चर्चा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के लिए निर्धारित विषयों में विभागीय प्रगति की समीक्षा विस्तार से की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाईन व अन्य लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर कहा गया कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करें। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।




