लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जल निगम अंतर्गत जबलपुर समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों का निरीक्षण किया।
जबलपुर
यह कार्य 1098.57 करोड़ की लागत से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने योजना अंतर्गत शहपुरा विकासखंड के धरमपुरा में नर्मदा तट पर निर्माणाधीन इंटेकवेल कम पंप हाऊस एवं 95 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र का भी निरीक्षण किया गया। मंत्री श्रीमती उइके ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में प्रगति लायें और समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। इसके लिये श्रमिकों की संख्या बढायें तथा प्रत्येक कार्य स्थिल के लिये निरीक्षण दल बनायें। उन्होंने कहा कि कार्य प्रगति के लिये साप्ताहिक योजना बनायें और मार्च 2026 तक इसे पूर्ण करें।
निरीक्षण के दौरान जल निगम के महाप्रबंधक श्री संजय बाधवा द्वारा जल निगम के कार्यों के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि जबलपुर समूह जल प्रदाय योजना से जबलपुर जिले के 848 गांवों में जल प्रदाय किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री शरद सिंह भी उपस्थित थे।




