एप उपभोक्ताओं को दवाओं की सही कीमतों के बारे में जानकारी देकर सशक्त बनायेगा
भोपाल
मध्य प्रदेश राज्य मूल्य निगरानी और संसाधन इकाई ने “फार्मा सही दाम” नामक नया मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया है। फार्मा सही दाम एप को बढ़ावा देने के लिए 2 अगस्त 2023 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल कोलार भोपाल एवं 31 जुलाई 2023 को जेपी अस्पताल भोपाल में अभियान चलाया। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) द्वारा शुरू की गई पहल का उद्देश्य लोगों को दवाओं की सही कीमतों के बारे में जानकारी देकर सशक्त बनाना है।
एमपीपीएमआरयू आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जागरूकता अभियान चला रहा है और ऐप के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में रणनीतिक रूप से प्रचार-प्रसार का कार्य कर रहा हैं। फार्मा सही दाम ऐप उपयोगकर्ताओं को उनकी निर्धारित दवाओं के लिए सटीक मूल्य निर्धारण, विवरण तक पहुंचने में मदद करता है। इसके अलावा यह ऐप वैकल्पिक ब्रांड के बारे में जानकारी भी प्रदान करता है जिससे उपयोगकर्ता अपने बजट के अनुसार विकल्प चुनने में सक्षम होता हैं।
डॉक्टर्स, फार्मासिस्ट और उपभोक्ताओं का कहना है कि बजट के भीतर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह ऐप बहुत प्रभावी है। इसके अलावा ऐप दवाओं के लिए निर्धारित कीमतों का विवरण प्रदान करता है। अलग-अलग ब्रांडों में कीमतें भी अलग-अलग होती हैं, फार्मा सही दाम ऐप इन असुविधाओं को दूर करने का काम करता है। इसके अतिरिक्त, ऐप उपयोगकर्ताओं को अधिक कीमत, विशिष्ट दवाओं की अनुपलब्धता या कुछ ब्रांडों को बेचने से इनकार करने के मामलों में मेडिकल दुकान मालिकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की भी सुविधा प्रदान करता है। फार्मा सही दाम ऐप का उद्देश्य महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना और दवा के मूल्य निर्धारण और उपलब्धता में पारदर्शिता बढ़ाकर रोगियों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालना है।