जबलपुर जिले के मझौली-बचैया रोड स्थित एक पेट्रोल पंप इन दिनों गंभीर आरोपों के घेरे में है।
मझौली/जबलपुर।
स्थानीय ग्राहकों का आरोप है कि यह पेट्रोल पंप लंबे समय से कम पेट्रोल डालकर उपभोक्ताओं को ठगने का काम कर रहा है। कई बार ग्राहकों ने मौके पर ही मशीन में गड़बड़ी पकड़ने और कर्मचारियों से सवाल करने की बात कही, लेकिन हर बार उन्हें टालने की कोशिश की गई।
ग्राहकों का कहना है कि तय मात्रा के पैसे देने के बावजूद वाहन में अपेक्षित पेट्रोल नहीं डाला जाता, जिससे साफ है कि माप-तौल में हेराफेरी की जा रही है। यह केवल आर्थिक ठगी नहीं, बल्कि उपभोक्ता अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शिकायतों के बावजूद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और प्रशासन की चुप्पी संदेह को और गहरा कर रही है। सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे या जनआक्रोश का इंतज़ार कर रहे हैं?
वार्ड नंबर 1 के निवासी मुहम्मद सलमान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम जैसे आम लोग मेहनत की कमाई से पेट्रोल भरवाते हैं, लेकिन यहां खुलेआम धोखा दिया जा रहा है। कई बार कम पेट्रोल डालते पकड़ा गया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्या प्रशासन किसी बड़े विवाद का इंतजार कर रहा है?”
ग्राहकों के अनुसार विरोध करने पर कर्मचारियों द्वारा टालमटोल की जाती है। क्षेत्रवासियों ने पेट्रोल पंप की तत्काल जांच, मशीनों की सीलिंग और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं का भरोसा बहाल हो सके




