केन्द्रीय मंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में की सहभागिता
जबलपुर
विकसित भारत संकल्प यात्रा 28 दिसंबर को जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर जिले की जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत देवनगर एवं राजाकछार पहुंची। यहां स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते एवं विधायक श्री महेन्द्र नागेश ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पात्रतानुसार शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे योजनाओं को समझें और लाभ लेते हुए विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। श्री कुलस्ते ने कहा कि भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक है। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
विधायक श्री महेन्द्र नागेश ने कहा कि इस मात्र के माध्यम से भारत को वर्ष 2047 तक विकसित करने का संकल्प किया जा रहा है। इसमें सभी की सहभागिता बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यहां उपस्थित ग्रामीणजनों से आव्हान किया कि छूटे हुए पात्र हितग्राही को भी शासन की योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने यहां केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। विदित है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।