विकसित भारत- विकसित मध्यप्रदेश
जिले को करीब 75 करोड़ के विकास एवं निर्माण कार्यो की मिली सौगात उत्सवी माहौल मे हुआ 311 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
कटनी –
विकसित भारत – विकसित मध्यप्रदेश की अवधारणा के तहत गुरूवार को कटनीवासियों को सभी 4 विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर एक साथ करीब 75 करोड़ रूपये की लागत वाले 311 निर्माण कार्यो के लोकार्पण एवं भूमिपूजन की सौगात मिली। उत्सवी माहौल में आयोजित समारोह में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संबोधन के सीधे प्रसारण को देखा और सुना।
मुड़वारा विधानसभा स्थित बस स्टैण्ड आडिटोरियम मे आयोजित जिला स्तरीय आयोजन में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति सूरी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पीताम्बर टोपनानी, कलेक्टर अवि प्रसाद, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, निगमायुक्त विनोद कुमार शुक्ल, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रामरतन पायल, सुनील उपाध्याय, सुरेश सोनी सहित निगम पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
विधायक संदीप जायसवाल ने अपने संबोधन मे विधानसभा क्षेत्र मे कराये जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यो का श्रेय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को देते हुए कहा कि मुड़वारा क्षेत्रवासियों को कई बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने यहां बन रहे भव्य स्टेडियम का जिक्र करते हुए कहा कि खेल से जुडे बच्चों का सर्वागीण विकास होता है। समारोह को महापौर प्रीति सूरी ने भी संबोधित किया।
जिले भर में उल्लास और उमंग के साथ लोगों की भागीदारी के बीच लोक कल्याण से जुड़े निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। ग्राम पंचायतों सहित जिले भर में प्रधानमंत्री श्री मोदी संबोधन के सीधे प्रसारण को देखने और सुनने की व्यवस्था की गई थी।
311 कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
सभी 4 विधानसभा क्षेत्रों में 311 निर्माण एवं विकास कार्यों का गुरुवार को लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ। इसमें विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 17 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत से 146 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। बरही नगर पंचायत में आयोजित विधानसभा स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में विधायक विजयराघवगढ़ संजय सत्येन्द्र पाठक मौजूद रहे। मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में 16 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से 24 कार्यों का और बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में 17 करोड़ 73 लाख रूपए की लागत वाले 77 निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। यहॉ विधायक बड़वारा धीरेन्द्र बहादुर सिंह उपस्थित रहे। इसी प्रकार बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र में 23 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत वाले 64 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण उत्सवी माहौल में हुआ। इस दौरान विधायक बहोरीबंद प्रणय प्रभात पाण्डेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।