‘बिगड़ी बात बनाने में समय लगता है’— विधायक का विरोधियों पर भी तंज


मझौली/पाटन
क्षेत्र के कद्दावर नेता और विधायक अजय विश्नोई ने धान खरीदी में षड्यंत्र का शिकार हुए किसानों को बड़ी राहत दी है। श्री विश्नोई ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके वायदे के अनुसार, पहले चरण में 121 किसानों के खातों में बकाया भुगतान की राशि पहुँच गई है।
बेईमानों से होगी वसूली: विश्नोई
अजय विश्नोई ने अपने पोस्ट में स्पष्ट रूप से कहा कि भुगतान में विलंब जरूर हुआ, लेकिन “बिगड़ी बात बनाने में समय लगता है।” उन्होंने दूसरे दौर के भुगतान के लिए एक बड़ी योजना का संकेत देते हुए कहा कि अब उन ‘बेईमानों’ के खातों से पैसा वसूल किया जाएगा, जिन्होंने बिना धान जमा किए सरकारी खजाने में सेंध लगाई और पैसा डकार लिया। उन्होंने साफ किया कि इस वसूली प्रक्रिया में भी समय लगेगा, लेकिन किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
पुतला फूंकने वालों पर कसा तंज
अपनी बेबाक शैली के लिए जाने जाने वाले विश्नोई ने उन विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारियों पर भी निशाना साधा जो लगातार आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बाकी बचे किसानों के भुगतान के लिए ‘पुतला फूंकने वाले’ अपनी मेहनत कर ही रहे हैं।




