राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में सोमवार 28 नवम्बर से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन प्रारंभ हो जायेगा। धान उपार्जन के लिए जिले में 111 खरीदी केन्द्र बनाये जा रहे हैं। इनमें से 101 केन्द्रों पर सोमवार से खरीदी प्रारंभ कर दी जायेगी
जबलपुर, 27 नवम्बर, 2022
जिला आपूर्ति नियंत्रक कमलेश तांडेकर के अनुसार जिले में धान उपार्जन का कार्य विपणन संघ के माध्यम से किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन के निर्देशानुसार उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा के लिहाज से सभी जरूरी व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई है। उपार्जन केन्द्रों पर तौल कांटा, बारदाना, ग्रेडर आदि के पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं। धान का उपार्जन एफएक्यू मापदंड के मुताबिक ही होगा।
जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि किसानों की सुविधा को देखते हुए इस बार लगभग सभी खरीदी केन्द्र गोदाम स्तर पर ही बनाये गये हैं। धान उपार्जन के लिए इस बार किसानों को एसएमएस नहीं भेजे जायेंगे, बल्कि किसानों को उनकी सुविधा अनुसार उपज के विक्रय के लिए स्लॉट बुक करने की सुविधा दी गई है। किसान सात दिन पहले स्लॉट बुक कराकर अपनी सुविधानुसार उपज विक्रय करने का दिन और उपार्जन केन्द्र का निर्धारण कर सकेंगे। किसानों को तय किये गये दिन के सात दिवस के भीतर खरीदी केन्द्र पर अपनी उपज लेकर जाना होगा। अभी तक 2 हजार 176 किसान स्लॉट बुक करा चुके हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक के मुताबिक करीब 15 महिला स्व–सहायता समूहों को भी धान उपार्जन की जिम्मेदारी दी जा रही है।
इसके साथ ही इस बार धान उपार्जन में बायोमैट्रिक सिस्टम भी लागू किया जा रहा है, किसानों से खरीदी गई धान की बोरियों में किसान कोड का टैग भी लगाया जायेगा। जिले में इस बार 4 लाख 80 हजार मेट्रिक टन धान उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है। धान उपार्जन के लिए 50 हजार 324 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है।