जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने जल जीवन मिशन योजनाओं का पीएचई के अधिकारियों के साथ किया संयुक्त निरीक्षण
कटनी (8 नवंबर)-
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर शनिवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, विजयराघवगढ़ एवं बड़वारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी, पाइपलाइन एवं अन्य संरचनाओं का संयुक्त निरीक्षण किया गया। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ श्री यजुवेंद्र कोरी ने ग्रामपंचायत बांध के ग्राम तिलमन और सगौना के हरई ग्राम का निरीक्षण किया। नल जल योजना का अवलोकन करने पर उन्होंने पाया कि कुछ घरों में टोटी नहीं लगी, चेंबर में ढक्कन नहीं, चाबी में लीकेज, प्लास्टिक की टोटी लगी पाई आदि अनेक प्रकार कमियां पाए जाने पर आवश्यक सुधार के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार विजयराघवगढ़ के सीईओ ब्रतेश जैन ने ग्राम पंचायत कुटेश्वर एवं इटोरा में निर्मित पानी की टंकी का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार बड़वारा की सीईओ सुश्री प्रभा तेकाम ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत लखाखेरा के ग्राम बरगवां में निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण संयुक्त रूप से किया। सुश्री तेकाम ने काम अधूरा पाए जाने पर एक सप्ताह में दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए। समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने सर्व संबंधितों को निर्देशित किया कि तकनीकी मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण तरीके से शेष कार्य को पूर्ण कराएं ताकि ग्राम पंचायत को हैंड ओवर किए जाने की प्रक्रिया शीघ्र हो सके।




