कलेक्टर श्री तिवारी ने समय-सीमा में लंबित आवेदन-पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी
– समय-सीमा में लंबित आवेदनों के निराकरण के प्रति अधिकारी गंभीर, जवाबदेह और संवेदनशील बनें। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश शुक्रवार को समय-सीमा में निपटारे के लिए लंबित आवेदन-पत्रों पर की गई कार्रवाई की आवेदन वार समीक्षा के दौरान दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी निगमायुक्त सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमानुसार निराकृत हो सकने वाले आवेदन-पत्रों में की गई कार्यवाही से प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा कि समय-सीमा आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने सीमांकन और नामांतरण के लंबित आवेदनों के लिए जवाबदेही तय कर कार्यवाही करने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम से संबंधित समय-सीमा के लंबित टीएल में संबंधित शाखा प्रभारी कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं नागेन्द्र पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तिवारी ने हाउसिंग बोर्ड इन्द्रा ज्योति कॉलोनी निवासी गोपी कोल के रिकार्ड दुरूस्ती समय-सीमा में नहीं करने पर पर कलेक्टर ने छपरवाह के पटवारी मानसिंह बागरी को निलंबित करने एसडीएम को निर्देशित किया। बताया गया कि पटवारी ने शिकायत प्राप्त होने के बाद रिकार्ड दुरूस्ती का कार्य संपादित किया था।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कटनी शहर के सुरेन्द्र कुमार के लंबित आवेदन में तत्काल नकल प्रदाय करने और नरेश कुमार यादव निवासी ग्राम पंचायत बंधी तहसील स्लीमनाबाद के किसान सम्मान निधि संबंधी आवेदन का निराकरण करने और संबंधित पटवारी से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया है। इसी प्रकार कटनी के वार्ड नंबर 3 गहाई कलोनी मंडी रोड मुड़वारा निवासी शिव आशीष गुप्ता के सीमांकन कार्य का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये।




