शिव महापुराण का यह आयोजन अत्यंत दिव्य है और यहाँ का पूरा वातावरण भक्तिमय है।
जबलपुर
मैं माँ नर्मदा के दर्शन को जाने वाली सभी माताओं-बहनों से 2 वर्ष का समय मांगता हूँ, जबलपुर में भी अयोध्या के सरयू घाट की तर्ज पर भव्य और सुंदर घाटों का निर्माण होने जा रहा है।” यह उद्बोधन लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज गोहलपुर थाने के पीछे, अग्रवाल लॉन में चल रही ‘दिव्य शिव महापुराण’ कथा में की।
व्यास पीठ का पूजन और संतों का सम्मान –
कार्यक्रम में पहुंचकर मंत्री श्री सिंह ने सबसे पहले व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने कथा व्यास पंडित श्री दिनेश गर्ग महाराज का पुष्पमाला से स्वागत कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर भी उपस्थित थे।
400 से 500 करोड़ की लागत से बनेगा 1 किमी चैनल –
धर्मप्रेमी बंधुओं और मातृशक्ति को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भगवान शिव का नाम लेने मात्र से मुक्ति मिलती है। उन्होंने विकास का खाका खींचते हुए बताया कि जिलहरी घाट से लेकर आगे तक 400 से 500 करोड़ रुपये की लागत से भव्य घाटों का निर्माण होगा, जिसका जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा।
उन्होंने प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए कहा, “यहाँ 1 किलोमीटर लंबा और 50-60 फीट गहरा चैनल बनाया जाएगा। इसमें 1-2 मीटर जल स्तर रहेगा जो ‘गौमुख’ से प्रवाहित होकर आएगा और फिल्टर होकर वापस जाएगा, जिससे जल की पवित्रता बनी रहेगी।” अंत में मंत्री श्री सिंह ने उपस्थित विशाल जनसमुदाय और माताओं-बहनों को नमन करते हुए सभी की मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।




