विकास के साथ-साथ समृद्धि भी आती है-मंत्री श्री सिंह
जबलपुर
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज वीरेन्द्रपुरी वार्ड स्थित सिद्ध नगर में चौपाल कर विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के ऋणी हैं। माताओं-बहनों ने 20 साल तक बढ़ते वोटों से उन्हें आशीर्वाद देकर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव के दौरान कभी शराब व पैसे नहीं बांटे, माताओं बहनों ने भी इसका समर्थन किया। राजनैतिक रूप से माताओं-बहनों का जो संकल्प है वह सत्यता और पवित्रता पर आधारित है। जहां माताऐं बहने होती है वहां सामाजिक बुराई नहीं पनप सकती है। एक समय था जब माता के नाम से बेटों की पहचान होती थी, आज भी अच्छे कार्य का शुभारंभ कन्या पूजन से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि वे बिना बुलाये ही ऐसे चौपालों में आकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विकास को लेकर जो बातें कहीं गई है वे पूरे तो होंगे ही, साथ ही जो नहीं कहे गये हैं, वे विकास कार्य भी होंगे। सिद्ध नगर में 5 करोड़ की लागत से बन रहे सामुदायिक भवन की जानकारी देते हुए उन्होंने एक साल में किये गये बहुत से विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान जबलपुर के विकास के लिए 3200 करोड़ स्वीकृत करायें हैं, जिससे हर व्यक्ति के घर के पास विकास की झलक दिखेगी। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विकास के एक काम समाप्त होते ही दूसरे काम की गूंज शुरू हो जाती है और यह सब माताओं-बहनों के आशीर्वाद के कारण है, जो विकास कार्य के रूप में फलीभूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में रामलला स्थापित किये, यह गौरव की बात है। देश की आधी आबादी ने कुंभ स्नान किया, जिससे पूरे विश्व में सनातन संस्कृति को एक नई पहचान मिली। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पहलगांव की दर्दनाक घटना से पूरा देश एकजुट हो गया और आतंकवादियों को हमारी सेना ने उनके घर में घुसकर चुन-चुनकर मारा। पाकिस्तान की रहम की भीख के कारण युद्ध विराम हुआ। उन्होंने कहा कि युद्ध से कभी भला नहीं होता है, तबाही होती है। लेकिन जब कभी हमारे अस्मिता को चोट पहुंचती है तब यह आवश्यक हो जाता है। आज भी हमारी सेनाएं मोर्चे पर तैनात है, अगर पाकिस्तान फिर से ऐसी कायराना हरकत करता है तो देश की सेना उनका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमें विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना है, क्योंकि विकास से समृद्धि आती है। नर्मदा तट को सरयु के तट की तर्ज विकसित किया जायेगा। साथ ही रोप वे बनाया जायेगा, जिसमें एक रोप-वे एम्पायर टॉकिज से सदर, छोटी लाईन होते हुए गौरीघाट व गौरीघाट के उस पार तक जायेगा जिसकी लागत 750 करोड़ होगी, दूसरा रोप-वे सिविक सेंटर, अंधेरदेव, दमोहनाका होते हुए अधारताल तक बनेगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओव्हर जिसकी लागत 1100 करोड़ रूपये है अपनी पूर्णता की ओर है। इसके साथ ही उन्होंने कई विकास कार्यों की जानकारी दी, जिसमें कहा कि अब गढ़ा बाजार की सड़क 53 फिट चौड़ी होगी। गोरखपुर बाजार में सभी बिजली के तार अंडरग्राउंड होंगे। उन्होंने कहा कि 380 करोड़ की लागत से शीघ्र ही एक फ्लाईओव्हर छोटी लाईन फाटक से साई मंदिर तक बनेगा, जिसका एक विंग रामपुर तथा दूसरा विंग हवाबाग कॉलेज की ओर होगा। फ्लाईओव्हर के संबंध में उन्होंने कहा कि सगड़ा में भी एक फ्लाईओव्हर बनेगा तथा संजीवनी नगर से विजय नगर के बीच 190 करोड़ की लागत से भी एक फ्लाई ओव्हर बनाया जायेगा। इसके साथ ही कहा कि गौरीघाट में 6 लेन सड़क बनने जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए गौरीघाट में बिलहरी तक भी एक सड़क बनाई जायेगी और यह सब 2 साल के अंदर मूर्त रूप में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि गौरीघाट शमशान घाट का भी सौंदर्यीकरण का कार्य किया जायेगा। साथ ही नगर निगम की सड़कों को भी व्यवस्थित रूप प्रदान किया जायेगा। मंत्री श्री सिंह ने होटल आकाश गंगा तथा नर्मदा नगर गार्डन में भी चौपाल कर जनता को संबोधित किया। इसके पूर्व उन्होंने मदन महल के पास स्थित नागपाल गार्डन कार्यालय में आम जन की समस्या को सुना और उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। कार्यक्रम के दौरान श्री अभय सिंह ठाकुर, श्री कौशल सूरी, श्री शैलेन्द्र विश्वकर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।