12 सिटी बसों के साथ सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया, पहली बस से खुद यात्रा की मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने
सागर
सागर में 158 करोड़ की लागत से यह आवासीय परियोजना डबल इंजन की सरकार से होने वाले फायदे का प्रमाण है। कमलनाथ की सरकार ने तो केंद्र सरकार से मिले पीएम आवास इसलिए लौटा दिए थे कि लागत का आधा पैसा उनकी राज्य सरकार को नहीं देना पड़े और प्रधानमंत्री मोदी जी को श्रेय नहीं मिल सके। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने सागर के मेनपानी में प्रधानमंत्री आवासों के चाबी वितरण गृह प्रवेश कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। मंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर 12 बसों को हरी झंडी दिखाकर सागर सिटी बस सेवा का शुभारंभ भी किया।
मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मप्र में भाजपा सरकार 9.5 लाख पीएम आवास बना रही है जिसमें से 6.5 लाख आवंटित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह मकान 40 हजार करोड़ की लागत से बने हैं। आजादी के 70वर्षों बाद इस देश में गरीबों और जरूरतमंदों को मकान मिले हैं जिनका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान जी को जाता है। उन्होंने कहा कि सागर को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में लेकर विकास की मुख्य धारा से जोड़ देने का श्रेय भी हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी को जाता है। इसीलिए जनता भी पूरी आस्था और विश्वास से विकास के आधार पर भाजपा की डबल इंजन की सरकार के साथ खड़ी है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आगे भी भाजपा की सरकार ही विकास करती रहेगी।
मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने मेनपानी व कनेरा के प्रधानमंत्री अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के 313 आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंप कर गृहप्रवेश कराया तथा 312 हितग्राहियों को आवंटन पत्र वितरित किए। यहां शेष 1750 हितग्राहियों को आगे आवास आवंटित किए जाएंगे।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सागर के मेनपानी में बनी यह आवासीय कालोनी प्रदेश में सबसे सुंदर कालोनी है जो मनोरम पहाड़ियों के बीच हरियाली से भरे स्थान पर बनी है। यहां पूरी गुणवत्ता से बने मकान दो लाख रुपए में हितग्राहियों को मिले हैं और आज इनकी कीमत दस लाख रुपए है।
कार्यक्रम को सांसद राजबहादुर सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन,महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, महापौर प्रतिनिधि डा सुशील तिवारी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में सांसद राजबहादुर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, महापौर प्रतिनिधि डा सुशील तिवारी, विधायक शैलेंद्र जैन, कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी अभिषेक तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी विजय डेहरिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगम आयुक्त चंद्रशेखर शुक्ला, श्रीमती संध्या भार्गव, विनोद तिवारी, नरेश यादव, संतोष रोहित, हेमंत यादव, रानी अहिरवार, श्रीमती प्रतिभा चौबे, सोमेश जड़िया, नवीन भट्ट, यश अग्रवाल, रिशांक तिवारी, लक्ष्मणसिंह, सूर्यांश तिवारी, डा वीरेंद्र पाठक, अनूप उर्मिल, देवेन्द्र सिंह केसली, मेघा दुबे, रूबी पटेल, रूपेश यादव, अनिल जैन नैनधरा, डब्बू साहू, शैलेष केशरवानी, धर्मेंद्र खटीक उपस्थित थे।
सागर में 4 रूटों पर 12 बसों के साथ सिटी बस सेवा शुरू
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने आज मेनपानी आवासीय कालोनी से सागर में संचालित होने वाली 12 सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने 30 बसों की स्वीकृति के साथ सागर में सिटी बस सेवा को शुरू कराया है जिनमें से 12 आज आरंभ हो गईं। मंत्री श्री सिंह ने स्वयं भी सिटी बस से यात्रा की।
इस तरह प्रदेश में सिटी बसों के संचालन वाले शहरों में एक और शहर का नाम जुड़ गया है। सागर में आज से पीपीपी मोड पर सिटी बसों का संचालन किया जाएगा।
शहर के 4 रूटों पर 12 सिटी बसें चलेंगी, जिनके 81 स्टॉपेज रहेंगे। नगर निगम सागर में अमृत योजना के तहत सिटी बसों के संचालन के लिए स्वीकृत मार्गों पर किराया का भी निर्धारण हो चुका है।
उप परिवहन आयुक्त ने तय रूट पर सफर करने पर यात्रियों के लिए किराया तय कर दिया है। 0 से 25 किलोमीटर तक के लिए 7 रुपए से 35 रुपए तक किराया तय किया गया है। सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड को नगर निगम क्षेत्र और इससे लगे 25 किलोमीटर के दायरे में ही सिटी बसों के संचालन की अनुमति दी गई है। इस रूट में मुख्य बाजार जैसे कटरा, बड़ा बाजार, सराफा आदि जैसे इलाकों में बसों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ताकि आम ट्रैफिक बाधित नहीं हो। बसों को शहर की चौड़ी सड़कों पर चलाया जाएगा।