भव्य और संस्कारधानी की गरिमा के अनुसार हो आयोजन – कलेक्टर
जबलपुर
जबलपुर में 25 और 26 फरवरी को होने वाले दिव्यांगजनों की क्षमता प्रदर्शन के क्षेत्र स्तरीय एविलिम्पिक्स के आयोजन को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर दीपक सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जीतेन्द्र जामदार विशेष तौर पर मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि क्षेत्र स्तरीय एविलिम्पिक्स का आयोजन जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर आधारताल में किया जायेगा। मध्य क्षेत्र के इस एविलिम्पिक्स में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के लगभग 150 दिव्यांग प्रतिभागी शामिल होंगे और कम्प्यूटर दक्षता सहित विभिन्न विधाओं में अपनी दक्षता एवं हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
डॉ. जामदार ने बताया कि जिला प्रशासन और जन अभियान परिषद के सहयोग से आयोजित किये जा रहे मध्य क्षेत्र स्तरीय एविलिम्पिक्स में जिला रेडक्रॉस सोसायटी भी सह आयोजक होगी। इसके अलावा दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रही लगभग 30 स्वंय सेवी संस्थाओं को भी इस आयोजन में जोड़ा जा रहा है और उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जा रही है।
कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना ने बैठक में सभी संबंधित विभागों तथा स्वंय सेवी संस्थाओं को आपस में समन्वय स्थापित कर क्षेत्र स्तरीय एविलिम्पिक्स का सफल और भव्य आयोजन के निर्देश दिये। श्री सक्सेना ने कहा कि दिव्यांगजनों की क्षमता प्रदर्शन के इस कार्यक्रम में बाहर से आने वाले प्रतिभागियों को सभी आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा कि एविलिम्पिक्स को संस्कारधानी जबलपुर की गरिमा के अनुरूप होना चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर नाथूराम गौड, जिला रेडक्रॉस सोसायटी में उपाध्यक्ष डॉ. राजेश धीरावाणी एवं सौरभ बड़ेरिया जिला रेडक्रॉस समिति के कार्यकारिणी सदस्य दिव्यांगजनो के कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रही स्वंय सेवी संस्थाओं के पदाधिकारी तथा जन अभियान परिषद के संभाग, जिला एवं ब्लॉक समन्वयक भी मौजूद थे।