समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने दिये निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत अटेंड नहीं करने पर सहायक यंत्री का वेतन काटने और वाणिज्यिक कर अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश
कटनी –
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने समय-सीमा बैठक में अभियान चलाकर मिशन मोड में ई-केवाईसी और आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिेये हैं। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान शिकायतों को अटेंड नहीं करने वाले नगर निगम के एल-1 सहायक यंत्री अनिल जायसवाल का वेतन काटने और शिकायत अटेंड नहीं करने पर वाणिज्यिक कर अधिकारी चन्द्रकुंवर सिंह के आगामी माह का वेतन आहरित नहीं करने का निर्देश जिला कोषालय अधिकारी को दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी अधिकारियों को ताकीद किया कि वे प्रतिदिन ई-ऑफिस को लॉगिन कर निराकरण हेतु प्राप्त फाइलों का अवलोकन और उनका निष्पादन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जाने वाली नलजल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिये।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने डी ग्रेड में शामिल खनिज, जलसंसाधन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पीएचई, आदिम जाति कल्याण एवं नगरीय विकास विभाग को अपनी श्रेणी में सुधार करने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने भू-अर्जन, मुआवजा वितरण और शासकीय विभागों को भूमि आवंटन कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने अभिलेख दुरूस्ती और अभिलेख स्कैनिंग कार्य में गति लाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने फार्मर आईडी की समीक्षा के दौरान बहोरीबंद तहसील को इसमें शत-प्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने के निर्देश देते हुये सभी को आवंटित लक्ष्य के निर्धारण का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि न्यायालय में लंबित मामलों में समय पर जवाबदाबा प्रस्तुत किया जाना सुनिश्चित हो। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने मिशन मोड में आयुष्मान कार्ड बनाने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर को निर्देशित किया। कलेक्टर ने आभा आईडी में 100 फीसदी प्रगति और अपार आईडी एवं ग्राम पंचायतों में लगाये जा रहे आधार शिविरों में अधिक से अधिक छात्रों के आधार कार्ड बनवाने व त्रुटि सुधार आदि कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मत्स्य विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के मामले में एलडीएम श्री मेझरस किंडो को सहायक संचालक मत्स्योद्योग के साथ समन्वय कर किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने एलडीएम को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनांतर्गत नगर निगम द्वारा प्रेषित प्रकरणों में भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं द्वारा ऋण वितरण कराने का दायित्व सौंपा।
कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर और मातृ मृत्यु के मामलों की भी समीक्षा की और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग को मुख्यमंत्री स्वाबलंबी गौशाला योजना (कामधेनु आवास) के लिये भूमि आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करने एसडीएम बहोरीबंद को निर्देश दिये।
बैठक के दौरान जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्य आशीष नायक, जिला रोजगार अधिकारी डीके पासी, जिला कोषालय अधिकारी अरविंद सिंह, एनआईसी के जिला सूचना अधिकारी श्री प्रफुल्ल श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरव नामदेव, जिला श्रम अधिकारी केबी मिश्रा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।




