जिला पंचायत भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इला तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए ग्राम पंचायत ईटखेड़ीसड़क और चंदूखेड़ी के ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भोपाल
यह कार्रवाई शासन की योजनाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता के गंभीर मामलों में की गई है।
ईटखेड़ीसड़क: स्वच्छ भारत मिशन की खुली अवहेलना
जनपद पंचायत फंदा अंतर्गत ग्राम पंचायत ईटखेड़ीसड़क के सचिव श्री तिलक सिंह पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, नालियों की सफाई और कचरा वाहन के नियमित संचालन में घोर लापरवाही के आरोप सिद्ध हुए।
बार-बार निर्देश, कारण बताओ नोटिस और चेतावनियों के बावजूद ग्राम पंचायत भवन के सामने गंदगी और कचरे का अंबार लगा रहा। इसे म.प्र. पंचायती राज अधिनियम 1993 स्वच्छता नियम 1999 और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016/20 का स्पष्ट उल्लंघन माना गया।
चंदूखेड़ी: सरकारी भ्रमण में अनुशासनहीनता
दूसरे मामले में ग्राम पंचायत चंदूखेड़ी के सचिव श्री ओमप्रकाश शर्मा को पंचमड़ी में आयोजित अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम*श के दौरान संजय गांधी युवा नेतृत्व एवं प्रशिक्षण केंद्र के कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार और अशांति फैलाने का दोषी पाया गया। यह कृत्य म.प्र. पंचायत सेवा (आचरण) नियम, 1999 के विपरीत माना गया।
तत्काल निलंबन, मुख्यालय फंदा नियत
दोनों सचिवों को पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम-4 के तहत निलंबित कर मुख्यालय जनपद पंचायत फंदा नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
सख्त संदेश
इस कार्रवाई से जिला पंचायत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि स्वच्छता मिशन, शासकीय अनुशासन और सरकारी आचरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक हलकों में इस निर्णय को नजीर माना जा रहा है।




