अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध रेत नष्ट कर दी।
जबलपुर
राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ललपुर में छापामार कार्रवाई कर लगभग 5 डम्पर अवैध रेत को मौके पर ही जमींदोज कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई। अनुराग सिंह के निर्देशन में राजस्व, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम ललपुर में दबिश दी।
छापे के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित रेत का जखीरा मिला, जिसे कथित तौर पर रेत माफियाओं द्वारा अवैध बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। प्रशासनिक आकलन के अनुसार यह मात्रा करीब 5 डम्पर रेत के बराबर थी।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पूरी रेत को मौके पर ही मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा व्यावसायिक उपयोग न किया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध खनन या रेत के अवैध भंडारण में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




