लोकायुक्त पुलिस ने एक बार फिर भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया है।
इंदौर
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में इंदौर लोकायुक्त इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी सुनील बेनल को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर नक्शा सुधारने के एवज में मोटी घूस मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटवारी सुनील बेनल ने आवेदक नारायण सिंह से भूमि से जुड़े नक्शा सुधार कार्य के लिए कुल 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर धर दबोचा।
इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार हो रही लोकायुक्त की कार्रवाइयों से साफ संदेश है कि रिश्वतखोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




