राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देशानुसार आज दिनांक 18 नवंबर 2025 को विकासखंड मझौली में विकासखंड स्तरीय ओलिम्पियाड परीक्षा का सफल आयोजन किया गया।
मझौली जबलपुर
परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा दोनों देखने को मिले।
परीक्षा का आयोजन मझौली के 3 से 4 जनशिक्षा केंद्रों में एक साथ किया गया, जहां व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों की विशेष ड्यूटियाँ लगाई गईं।
इस ओलिम्पियाड में कक्षा 2 से लेकर 8वीं तक के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कुल 3700 छात्रों को परीक्षा में सम्मिलित होना था, जिनमें से 3500 छात्र उपस्थित रहे, जो लगभग 95% की रिकॉर्ड उपस्थिति मानी जा रही है।
केंद्रों पर सुबह से ही छात्रों की भीड़ दिखाई दी। बच्चे समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और परीक्षा को पूरी गंभीरता से दिया। विद्यालय प्रमुखों और जनशिक्षा केंद्रों के प्रभारी अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अभिभावक भी परीक्षा को लेकर उत्साहित दिखे और अपने बच्चों को प्रोत्साहित करते नजर आए। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस बड़े शैक्षणिक आयोजन को क्षेत्र की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ओलिम्पियाड परीक्षा के परिणाम आने के बाद श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को ब्लॉक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।




