जिला पंचायत सीईओ ने वाटरशेड एवं अन्य योजनाओं से निर्मित निर्माण एवं विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण कर लिया जायजा
सुश्री कौर ने उमरिया पान सहित अनेक ग्राम पंचायतों में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की टटोली नब्ज
कटनी (6 नवंबर)–
देश के भौगोलिक केंद्र बिंदु करौंदी स्थल का रखरखाव एवं पर्यटकों हेतु बुनियादी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु तत्परता पूर्वक कार्रवाई करें। प्रावधानों के अनुसार आरोपित शुल्क से ग्राम पंचायत बम्हनी के पोषक ग्राम करौंदी स्थित केंद्र बिंदु में चौकीदार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त रखा जाए। वाटर शेड परियोजना से निर्मित जल संरचनाओं में जल संरक्षण पर्याप्त मात्रा में हो, कृषकों को सिंचाई हेतु पानी एवं मत्स्य पालन से आर्थिक क्षमता में वृद्धि हो.. ऐसे कार्यों को प्राथमिकता से निगरानी करते हुए कराया जाए। कुछ इस प्रकार के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने गुरुवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की बम्हनी, उमरिया पान और बरेली रामपुर ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को दिए।
सुश्री कौर ने रामदीन चौधरी से खेत तालाब के फायदे की सुनी बात
जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने ग्राम पंचायत बम्हनी की आश्रित ग्राम बनेहरा में 10.44 लाख रुपए की लागत से अमृत सरोवर तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने करौंदी ग्राम के रामदीन चौधरी द्वारा निर्मित 4.95 लाख रुपए की लागत से खेत तालाब को देखकर संवाद किया। रामदीन ने चर्चा करते हुए सुश्री कौर को बताया कि खेत तालाब के निर्माण होने से उन्हें सिंचाई करने एवं मत्स्य पालन से आमदनी होने से आर्थिक स्थिति मैं सुधार हुआ है। इस दौरान सुश्री कौर ने ग्राम पंचायत बरेली रामपुर में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए।
कस्टम हायरिंग सेंटर में कृषक उत्पादक संघ से चर्चा
जिला पंचायत की सीईओ द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर मढ़ेरा पहुंचकर कृषक उत्पादक संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि चीया सीड का संग्रहण और भंडारण कर उचित समय पर मार्केट में अच्छे दामों में विक्रय करने पर आर्थिक मुनाफा होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पोहा प्रोसेसिंग यूनिट हेतु आवश्यक प्रयास किया जा रहे हैं। सुश्री कौर ने कृषकों को उर्वरक की उपलब्धता एवं कस्टमर हायरिंग सेंटर की उपयोगिता सहित विद्युतीकरण कार्य सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
विभिन्न निर्माण कार्य देखें
जिला पंचायत सीईओ ने उमरिया पान में मनरेगा योजना से निर्मित खेल मैदान,अतिरिक्त कक्ष, 15वें वित्त से निर्मित संस्कृतिक भवन एवं अन्य निर्माण एवं विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण कर जायज़ा लिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि तकनीकी मानकों का पालन करते हुए गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य कराए जाएं। सुश्री कौर ने उमरिया पान स्थित पुराने स्तंभ को डिस्मेंटल करने विधि संगत तरीके से प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने शांति धाम, नाला बंधान, चेकडैम जल गंगा संवर्धन के कार्य, एक बगिया मां के नाम संबंधी कार्यों का भी मुआयना किया।
राकेश पटेल की राशन पर्ची
राकेश पटेल द्वारा राशन पर्ची संबंधी समस्या बताई जाने पर जिला पंचायत की सीईओ ने अधिकारियों को समस्या का निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस दौरान सर्व श्री, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी, सहायक यंत्री अजय केसरवानी, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक,वाटर शेड एवं पर्यटन प्रभारी कमलेश सैनी, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि राज चढ़ार, अभिषेक भार्गव,संतोष पाठक एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




