रिटायर्ड आईएएस जुलानिया के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच शुरू : फर्म से 99.5 लाख अकाउंट में लेने का आरोप
जीतेंद्र रिछारिया
मध्य प्रदेश लोकायुक्त संगठन ने प्रदेश के रिटायर्ड आईएएस अफसर राधेश्याम जुलानिया के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुलानिया पर जल संसाधन विभाग के सब ठेकेदार फर्म अर्नी इन्फ्रा से 99.50 लाख रुपए अपने बैंक खाते में लेने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों के साथ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराते हुए राधेश्याम जुलानिया, उनकी पत्नी अनीता जुलानिया और उनकी बेटी लावण्या को भी आरोपी बनाने की मांग की है।
भोपाल के सामाजिक कार्यकर्ता नेमीचंद जैन ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि जुलानिया रिटायरमेंट के बाद भोपाल के जिस बंगले में रहते हैं, उसका भूखंड उन्होंने स्वयं और पत्नी अनीता के नाम खरीदा है। इस भूखंड को खरीदने की रकम अर्नी इन्फा के खाते से अलग अलग बैंक खातों में घुमाकर जुलानिया के अकाउंट में भेजी गई थी।